पन्ना, अमित सिंह राठौर। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सागर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उद्यान विभाग के सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव और उनकी पत्नी शिक्षिका रवि खरे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को उनके शासकीय आवास से पकड़ा गया, जहां कार्रवाई के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बनने पर कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, पवई तहसील के ग्राम मनकी निवासी 34 वर्षीय भागवत साहू ने वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत ऑयल मिल और आटा मिल लगाने के लिए बैंक से ऋण लिया था। इस योजना के अंतर्गत भागवत साहू को 2 लाख 31 हजार 280 रुपये और उनकी पत्नी को 2 लाख 20 हजार 500 रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई थी। आरोप है कि सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव ने दोनों की सब्सिडी के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी और रकम न देने पर सब्सिडी की राशि बैंक में वापस कराने की कार्रवाई करने का दबाव बनाया जा रहा था।

शिकायत का सत्यापन होने के बाद 23 नवंबर 2026 को लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने स्थित शासकीय आवास एफ-3 में दबिश दी। जैसे ही भागवत साहू ने प्रदीप श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये सौंपे, लोकायुक्त टीम भीतर दाखिल हुई। यह देखकर आरोपी की पत्नी रवि खरे रुपये लेकर घर के पीछे भागीं और रकम फेंक दी, जिसे लोकायुक्त टीम ने बरामद कर लिया।

मामले में डीएसपी कमल सिंह उइके के नेतृत्व में इंस्पेक्टर रोशनी जैन और उनकी टीम ने कार्रवाई की। डीएसपी कमल सिंह उइके ने बताया कि सहायक संचालक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है, वहीं उनकी पत्नी रवि खरे को सह आरोपी बनाया गया है। मामले की विवेचना जारी है।