भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल जल्द ही उत्तर भारत में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के रखरखाव और संचालन का सबसे बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। भोपाल के निशातपुरा स्थित कोच फैक्ट्री परिसर में वंदे भारत ट्रेन मेंटेनेंस डिपो का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस डिपो में 6 मेंटेनेंस लाइनें विकसित की जा रही हैं, जिसके चलते यहां एक साथ 6 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें खड़ी हो सकेंगी। पहले चरण में 146 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस अत्याधुनिक डिपो का काम सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बन जाने से वंदे भारत ट्रेनों के बड़े रखरखाव के लिए चेन्नई डिपो पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी।


चेन्नई डिपो की जगह अब भोपाल में ही होगा मध्यम और लंबे समय का रखरखाव

भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि निशातपुरा स्थित कोच फैक्ट्री परिसर में 146 करोड़ रुपये की लागत से पहले चरण का कार्य प्रारंभ किया गया है। यहां 6 मेंटेनेंस लाइनें बनाई जा रही हैं, जिससे एक समय में 6 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें खड़ी कर उनका रखरखाव किया जा सकेगा। रेल अधिकारियों के अनुसार, इस डिपो में एलएचबी (LHB) कोच वाली ट्रेनों के लिए भी दो पिट लाइनें बनाने का प्रस्ताव है। वर्तमान में वंदे भारत ट्रेनों के मध्यम और लंबे समय के रखरखाव (मेंटेनेंस) से जुड़े कार्य चेन्नई स्थित डिपो में किए जाते हैं। निशातपुरा में वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो तैयार होने के बाद यह सभी कार्य भोपाल में ही संभव हो सकेंगे।



रानी कमलापति डिपो की सीमाएं होंगी दूर

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में रानी कमलापति स्थित डिपो में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का केवल साप्ताहिक निरीक्षण ही हो पाता है और मध्यम व दीर्घकालिक रखरखाव के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। निशातपुरा डिपो के शुरू होने से यह कमी दूर होगी और भोपाल मंडल में चलने वाली वंदे भारत ट्रेनों का आवधिक निरीक्षण व संपूर्ण रखरखाव यहीं किया जा सकेगा। सितंबर 2027 तक पहला चरण पूरा होने के बाद आधुनिक वंदे भारत ट्रेनों की जरूरत के अनुसार सभी तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। निशातपुरा के इस मेंटेनेंस डिपो में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की तकनीकी मरम्मत के साथ-साथ उनकी साज-सज्जा का कार्य भी किया जाएगा।