छतरपुर। योग गुरु स्वामी रामदेव द्वारा की गई हालिया टिप्पणी को लेकर उठ रही चर्चाओं के बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अत्यंत संयमित, विनम्र और परिपक्व प्रतिक्रिया दी है। मंच से इस विषय पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी संत या महापुरुष पर कोई पलटवार या प्रतिकूल टिप्पणी नहीं करेंगे, क्योंकि संतों का हर शब्द उनके लिए आशीर्वाद के समान है। उन्होंने लोगों से भी इस विषय को अनावश्यक तूल न देने की अपील की है।
'चार दिन पहले प्रशंसा की थी, आज कुछ कहा तो वह भी सहज स्वीकार'
मंच से श्रद्धालुओं और मीडिया के सवालों का जिक्र करते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि स्वामी रामदेव उनके लिए बड़े, वरिष्ठ और अभिभावक तुल्य हैं, जिन्होंने सदैव उन्हें अपना स्नेह दिया है। उन्होंने याद दिलाया कि अभी चार दिन पहले ही पूज्य स्वामी जी मंच पर पधारे थे और उन्होंने बड़े स्नेह से "देखो हमारा बाबा बागेश्वर" कहकर खूब प्रशंसा और महिमा गाई थी।
शास्त्री ने कहा, "जब चार दिन पहले उन्होंने स्तुति की थी, तब भी हमने कुछ नहीं कहा था। अब चार दिन बाद यदि उनके मन में कोई बात आई और उन्होंने कुछ कह दिया, तो उस पर भी हम कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे। यदि प्रशंसा स्वीकार करें और निंदा पर बोलने लगें, तो यह 'गुड़ में शामिल और मट्ठा में न्यारे' वाली बात हो जाएगी। हमारे लिए निंदा और स्तुति दोनों समान रूप से प्रिय और स्वीकार्य हैं।"
'हम हिंदू एकता को जोड़ने के लिए हैं, तोड़ने के लिए नहीं—इस बात को यहीं विश्राम दें'
संतों के प्रति अपने सम्मान को दोहराते हुए बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर ने कहा कि वे स्वप्न में भी किसी संत की अवहेलना का भाव मन में नहीं ला सकते। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वामी रामदेव ने अपनी बात में सीधे तौर पर उनका नाम भी नहीं लिया है, वे स्वभाव से अत्यंत सरल महापुरुष हैं और उनका यह वचन भी एक आशीर्वाद ही है।
अंत में उन्होंने समाज और समर्थकों से आग्रह करते हुए कहा कि वे सदैव संतों और हिंदू एकता को जोड़ने के लिए कार्य कर रहे हैं, तोड़ने के लिए नहीं। जीवन में अच्छे-बुरे समय आते रहते हैं, इसलिए इस पूरे विषय को अनावश्यक रूप से तूल न दिया जाए और यहीं विराम दिया जाए।














