छतरपुर/गौरिहार, राघवेन्द्र रिछारिया। छतरपुर जिले के प्रकाश बम्हौरी थाना क्षेत्र के अभऊ गांव में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पूर्ण विकसित नवजात कन्या का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नवजात को वहां कौन छोड़ गया और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, नदी में बाढ़ की स्थिति के चलते प्रकाश बम्हौरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद जुझारनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को अभऊ गांव में कौन लेकर आया था और उसकी मौत की वास्तविक वजह क्या है।
पुलिस द्वारा मामले से जुड़े लोगों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही नवजात की मौत और उसे वहां छोड़े जाने की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।













