छतरपुर/हरपालपुर, शिवम सोनी। हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात करीब 9:10 बजे महाकौशल एक्सप्रेस से उतरे एक यात्री पर मोबाइल छीनने का प्रयास कर रहे बदमाशों ने पत्थरों से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से यात्री मौके पर ही घायल होकर बेहोश हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार नौगांव के वार्ड क्रमांक 19, देवी मंदिर निवासी राहुल सोनी पिता किशोर सोनी निजामुद्दीन से जबलपुर जा रही महाकौशल एक्सप्रेस से हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राहुल स्टेशन परिसर में मोबाइल पर बात कर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए दो बदमाशों ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। राहुल ने विरोध करते हुए बदमाशों को पकडऩे की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों में खींचतान शुरू हो गई।
इसी दौरान बदमाशों ने राहुल पर पत्थरों से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से राहुल जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। यात्रियों ने एक आरोपी को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोगों ने पकड़े गए आरोपी के साथ मारपीट भी की। सूचना पर 112 पुलिस वाहन और हरपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा आरोपी को हिरासत में लिया। दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस और जीआरपी द्वारा तलाश की गई, लेकिन उसका सुराग नहीं मिला।
108 एंबुलेंस नहीं मिली, ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया
घायल राहुल की हालत गंभीर होने के बावजूद मौके पर 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। इसके बाद 112 पुलिसकर्मियों की मदद से घायल को ई-रिक्शा से हरपालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद भी उसकी हालत गंभीर बनी रही। चिकित्सकों ने उसे नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य भेज दिया जहां इलाज दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम ने बताया कि इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई है। उक्त घटना रेलवे स्टेशन की है इसलिए पूरे मामले की जांच जीआरपी पुलिस द्वारा की जा रही है।




