शांति समिति की बैठक संपन्न: आपसी सद्भाव के साथ मनाए जाएंगे होली और रमजान, प्रशासन ने की अपील

Advertisement
दमोह,राजेंद्र तिवारी। बटियागढ़ पुलिस थाना परिसर में रविवार शाम 5 बजे से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी होली एवं रमजान पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
थाना प्रभारी रजनी शुक्ला ने बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि पर्व-त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे के प्रतीक हैं। उन्होंने सभी से आपसी सहयोग, संयम और कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए उत्सव मनाने की अपील की। साथ ही नागरिकों से सुझाव भी लिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति से बचा जा सके।
बैठक के दौरान होली पर्व के आयोजन, जुलूस, डीजे की समय-सीमा, रंग-गुलाल के उपयोग तथा रमजान के मद्देनज़र शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था जैसे बिंदुओं पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष पंडित नरेंद्र व्यास, मंडल अध्यक्ष अरविंद पटेल, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकित राजपूत, उपसरपंच लक्ष्मण पटेल, बीडीसी अमजद खान, वाहिद खान, बद्री विश्वकर्मा सहित ग्रामीण जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी ने मिलकर पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।


