भिंड। जिले के उमरी थाना क्षेत्र के नुन्हाटा गांव में आपसी रंजिश के चलते एक पालतू कुत्ते की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
फरियादी रामनरेश सिंह राजावत (35) और उनके चचेरे भाई शैलेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि 17 जुलाई की दोपहर उनका पालतू कुत्ता घर के बाहर से अचानक गायब हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। बाद में गांव के एक युवक ने उनके मोबाइल पर एक वीडियो भेजा, जिसमें एक व्यक्ति कुत्ते को रस्सी और लोहे की चेन से पेड़ पर लटकाकर खींचता और फिर लाठियों से बेरहमी से पीटता दिखाई दे रहा है।
शिकायत के अनुसार, गांव के लोगों ने वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपी की पहचान कहारन का पुरा निवासी विवेक बाथम के रूप में की। आरोप है कि विवेक ने कुत्ते की हत्या का वीडियो खुद बनाया और गांव के कुछ लोगों को भी दिखाया। बताया जा रहा है कि घटना के पीछे दोनों पक्षों के बीच चली आ रही आपसी दुश्मनी वजह हो सकती है।
उमरी थाना प्रभारी ब्रजेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी विवेक बाथम के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस वीडियो की सत्यता, अन्य साक्ष्यों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




