भिंड/ग्वालियर। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गोहद थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास हुआ, जब 29 मजदूरों को लेकर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप सड़क पर बैठे आवारा मवेशियों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। सभी मजदूर ग्वालियर में धान की रोपाई का कार्य पूरा कर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित अपने पैतृक गांव लौट रहे थे।


उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया गहरा दुख

हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश प्रशासन से समन्वय बनाकर मृतकों के पार्थिव शरीरों को उनके गृह ग्राम तक सुरक्षित पहुंचाने और घायल मजदूरों के समुचित व निःशुल्क उपचार के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

YogiAdityaNathPost



केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने व्यक्त की गहरी संवेदना

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि भिंड में हुई इस भीषण दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित किए जा रहे हैं और घायलों को हरसंभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्राप्त हो। घटना के बाद मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक अमले के बीच समन्वय बनाकर आगे की आवश्यक कानूनी व चिकित्सीय कार्रवाई पूरी की जा रही है।

Scindia Post