अमरपाटन,नरेंद्र। नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम ककरा के पास देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन हाईवे किनारे खड़े सीमेंट से लोड ट्रक के पीछे जा घुसा।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के छपारा से टमाटर लोड कर मामा-भांजा उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जा रहे थे। अमरपाटन थाना क्षेत्र में पहुंचते ही उनकी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और वाहन ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद हाईवे पर टमाटर बिखर गए।
दुर्घटना में पिकअप में सवार मामा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों वाहन में फंसे रहे, जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
घायल भांजे को हाईवे एम्बुलेंस 1033 की सहायता से सिविल अस्पताल अमरपाटन लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी में रखवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

