देवास, हेमंत गुर्जर। जिले की कांटाफोड़ पुलिस ने एलएनटी कंपनी से लोहे के पाइप चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए लोहे के पाइप और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन समेत करीब 5 लाख रुपए का मशरुका जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार 14 मई को एलएनटी कंपनी से पाइप चोरी होने की शिकायत थाना कांटाफोड़ में दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने तुमड़ीखेड़ा क्षेत्र के पास से पाइप चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार चोरी का सामान खरीदने वाले चार आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी अराधना रायकवार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




