इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के अतिव्यस्त और प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र राजबाड़ा पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नगर निगम द्वारा संचालित पीएम बस सेवा (सरकारी सिटी बस) के ड्राइवर की लापरवाही के चलते बस ने सड़क से गुजर रहे राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 5 लोग कुचले गए, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित जनता ने उग्र होकर बस पर पथराव कर दिया।


हादसे के बाद राजबाड़ा पर फूटा लोगों का गुस्सा; बस में की तोड़फोड़

हादसा होते ही राजबाड़ा पर मौजूद स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले सिटी बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने चालक की लापरवाही का विरोध करते हुए बस पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे बस के सभी कांच टूट गए। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।


यह भी पढिए: केन-बेतवा आंदोलन:मूसलाधार बारिश और कमर तक पानी के बीच 15वें दिन भी चिता आंदोलन जारी


1 की मौत, 2 गंभीर; घायलों और मृतक की शिनाख्त में जुटी पुलिस

एमजी रोड थाना प्रभारी (TI) विजय सिसौदिया ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया: दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। एक अति-गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को महाराजा यशवंतराव (MY) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दो अन्य गंभीर घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस के अनुसार मृतक और दोनों घायलों में से किसी की भी तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उनके पास मिले सामान और आसपास की मदद से पहचान जुटाने का प्रयास कर रही है, ताकि उनके परिजनों को सूचित किया जा सके।


यह भी पढिए: सिंहस्थ के लिए सीएम मोहन यादव ने खुद चलाई पुश्तैनी मकान पर गैंती, भावुक होकर बोले- विकास के लिए यह जरूरी


प्रशासनिक कार्रवाई

एमजी रोड थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। राजबाड़ा जैसे व्यस्ततम बाजार में सिटी बसों की रफ्तार और चालकों की लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है।