बिहार। नीट (NEET) पेपर लीक मामले के विरोध में शनिवार को आयोजित बिहार बंद के दौरान सिवान में हुए उग्र प्रदर्शन के बीच AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाले पुलिस जवान को निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया और कार्रवाई करते हुए जवान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। जांच में आरोपी जवान की पहचान विशेष जांच दल (SIT) में तैनात अभिषेक पटेल के रूप में हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह से ही नीट मामले को लेकर बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी सिवान के गांधी मैदान में जुटने लगे थे। धीरे-धीरे प्रदर्शन ने उग्र रूप धारण कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में जमकर हंगामा किया, पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी तथा गांधी मैदान व जेपी चौक के पास तैनात पुलिस बल पर भीषण पथराव कर दिया। इस पथराव में सिवान के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार/पुराण कुमार झा घायल हो गए, जिनके पैर में गंभीर चोट आई। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मी और ड्यूटी पर मौजूद मीडिया पत्रकार भी पथराव की चपेट में आकर घायल हुए थे।


स्थिति को अनियंत्रित होते देख पुलिस ने शुरुआत में प्रदर्शनकारियों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, जब उग्र भीड़ पीछे हटने को तैयार नहीं हुई, तो पुलिस बल द्वारा लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की गई। इसी अफरा-तफरी के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक जवान AK-47 राइफल से खुलेआम हवाई फायरिंग करता दिखाई दिया।


वीडियो के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस की इस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठने लगे थे, जिसके तुरंत बाद विभागीय जांच के आदेश दिए गए। प्रारंभिक जांच में AK-47 से फायरिंग करने वाले जवान की शिनाख्त अभिषेक पटेल के रूप में होते ही उसे सस्पेंड कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच प्रक्रिया के दौरान यदि किसी अन्य पुलिसकर्मी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।