छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। शहर के कुंडीपुरा थाना क्षेत्र में कोचिंग सेंटर की आड़ में कथित रूप से संचालित हाई-प्रोफाइल जुआ फड़ पर एसपी स्क्वॉड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांधीगंज जैन मंदिर के पास की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से ₹1,33,120 नकद, 17 मोबाइल फोन, 2 चारपहिया वाहन, 6 मोटरसाइकिल तथा ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत करीब ₹35 लाख बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में नितिन डेहरिया, अल्केश लोखंडे, जाउल्ल कुरैशी, शैलेंद्र उज्जवाने, शाहबाज अंसारी, राजेश चौरसिया, दुर्गेश यादव, इस्ताक खान, राहुल ठाकुर, कमलेश कैथवास, विनय यादव, मोहित साहू, पंकज मालवीय और निलेश वंशकार शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जिस भवन में जुआ फड़ संचालित होने की बात सामने आई है, उसके मालिक की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों का शहर के व्यस्त राजपूत पेट्रोल पंप क्षेत्र से पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को सख्त संदेश देना है। कार्रवाई के दौरान देहात थाना प्रभारी महेंद्र भगत सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जुआ फड़ के संचालन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।




