मुंबई। भारत की विकास दर 2027 में 7 प्रतिशत बने रहने का अनुमान है और मौजूदा कारोबारी माहौल को आकार देने में नीतियों ने अहम भूमिका निभाई है। इसमें सूक्ष्म-सुधार (माइक्रो-रिफॉर्म), व्यापार समझौते और नीतिगत सख्ती शामिल है। यह जानकारी शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई।अमुंडी इन्वेस्टमेंट इंस्टीट्यूट की 'द प्राइस ऑफ पावर' रिपोर्ट के मुताबिक, "भारत के मौजूदा कारोबारी माहौल को आकार देने में नीतियों ने अहम भूमिका निभाई है। इसमें सूक्ष्म-सुधार (माइक्रो-रिफॉर्म), व्यापार समझौते और ऐसी नीतिगत सख्ती शामिल है, जिसने महंगाई की उम्मीदों को काबू में रखा है।"
रिपोर्ट में आगे कहा गया, "इन्हीं नीतियों ने सार्वजनिक खर्च को पूंजीगत व्यय की ओर मोड़ने पर भी जोर दिया गया है। 2027 में जीडीपी की वृद्धि दर मजबूत रहने और लगभग 7 प्रतिशत के आसपास रहने की उम्मीद है।"
रिपोर्ट के मुताबिक, छोटी अवधि में महंगाई दर तय लक्ष्य से ऊपर जा सकती है और यह 2027 में औसतन 5 प्रतिशत के आसपास रहने का अनुमान है, जिसे नियंत्रित करने के लिए आरबीआई कदम उठा रहा है। महंगाई दर बढ़ने के जोखिमों और मुद्रा की कमजोरी को देखते हुए, आरबीआई 2026 के अंत में या 2027 की शुरुआत में फिर से ब्याज दरें बढ़ा सकता है।
अल नीनो और उर्वरकों की कमी के कारण ऊर्जा और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतें चुनौतियां पैदा कर रही हैं, जिनके आगे भी बने रहने की संभावना है। साथ ही, भारत के 'ट्विन डेफिसिट' (चालू खाता घाटा और राजकोषीय घाटा) में कोई खास सुधार होने की उम्मीद नहीं है। चालू खाता घाटा मौजूदा 0.7 प्रतिशत से बढ़कर और अधिक हो सकता है।
रिपोर्ट में आगे कहा गया कि 2027 में वैश्विक जीडीपी की वृद्धि दर 3.3 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों के अपने अलग-अलग प्रेरक कारक होंगे। अमेरिका में उत्पादकता में सुधार और ऊर्जा झटकों का कम असर होने से विकास दर को समर्थन मिलता रहेगा। यूरोप को ऊर्जा झटकों के कारण चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जर्मनी की ओर से मिलने वाला वित्तीय प्रोत्साहन वहां कुछ राहत दे सकता है।
रिपोर्ट में भारतीय शेयर बाजार के लिए कहा गया कि 2027 के लिए आधार संरचनात्मक रूप से सकारात्मक बना हुआ है, जिसे मजबूत घरेलू मांग, निजी पूंजीगत व्यय में वृद्धि, सार्वजनिक बुनियादी ढांचे पर खर्च और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का समर्थन प्राप्त है। आय में अच्छी वृद्धि की उम्मीद है, लेकिन रिटर्न काफी हद तक वैल्यूएशन पर निर्भर करेगा। किसी स्पष्ट उत्प्रेरक के अभाव में, बाजार तेल और महंगाई से जुड़े जोखिमों के प्रति संवेदनशील हो सकता है।

















