न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन से भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखे जाने का मामला अब खेल के मैदान से निकलकर राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गया है। इस चयन प्रक्रिया पर उत्तर प्रदेश से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने एक बेहद विवादास्पद बयान देकर नया सियासी बखेड़ा खड़ा कर दिया है। इमरान मसूद ने आरोप लगाया है कि शानदार प्रदर्शन के बावजूद मोहम्मद सिराज को केवल उनके नाम और मुस्लिम होने के कारण टीम में जगह नहीं दी गई। दूसरी ओर, क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व दिग्गजों ने भी खेल के तकनीकी पहलुओं के आधार पर सिराज को बाहर रखने के फैसले पर सवाल खड़े किए हैं।
टीम इंडिया के चयन पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह बात सामने आ रही है कि निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद मोहम्मद सिराज को पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया। विवादित टिप्पणी करते हुए मसूद ने कहा, उनका नाम सिराज है और शायद यही वजह है कि उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। यदि कोई खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और इसके बाद भी आप उसका चयन नहीं कर रहे हैं, तो यह स्पष्ट रूप से भेदभाव है।" कांग्रेस सांसद के इस बयान के बाद खेल में मजहब को घसीटने को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें




राजनीतिक बयानबाजी से इतर, क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों और विशेषज्ञों ने भी टीम प्रबंधन के इस फैसले पर हैरानी जताई है। भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री जिनके कार्यकाल में सिराज ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था ने इस चयन पर कड़े सवाल पूछे। शास्त्री ने कहा कि सिराज के पास भरपूर अनुभव और आक्रामकता है तथा उनमें अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख पलटने की क्षमता है। उन्होंने टीम प्रबंधन की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा, आखिर सिराज कहां हैं? यदि चयन का पैमाना रफ्तार, कौशल और सीम मूवमेंट था, और 140 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज आसानी से उपलब्ध नहीं थे, तो सिराज को बाहर रखने पर सवाल तो बनता ही है।
वहीं, पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज कमेंटेटर सुनील गावस्कर ने भी मोहम्मद सिराज को अंतिम ग्यारह से बाहर रखे जाने पर निराशा व्यक्त की है। गावस्कर ने जोर देकर कहा कि इस ऊर्जावान तेज गेंदबाज ने हमेशा आगे बढ़कर टीम इंडिया के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है और कभी भी देश को निराश नहीं किया। गावस्कर ने कहा कि सिराज की लय भी काफी अच्छी चल रही थी, ऐसे में उन्हें प्लेइंग इलेवन में न देखकर निराशा हुई। उनके अनुसार, सिराज को इस मुकाबले में बेहतर मौका मिलना चाहिए था।













