छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर के शैक्षणिक संस्थानों और कोचिंग क्षेत्रों में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर छात्र एकता परिषद ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है। संगठन के जिलाध्यक्ष शुभम हरदेनिया के नेतृत्व में सौंपे गए दो अलग-अलग आवेदनों के माध्यम से सटई रोड स्थित शराब दुकान से लेकर एमपीईबी कार्यालय के मध्य क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से पुलिस सहायता केंद्र खोलने और नियमित रूप से कम से कम दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया है कि इस मार्ग पर 50 से अधिक कोचिंग संस्थान और करीब 10 विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जहां प्रतिदिन दो से तीन हजार छात्र-छात्राओं का आवागमन रहता है, लेकिन असामाजिक व आवारा तत्वों के जमावड़े के कारण आए दिन झगड़े, अभद्र व्यवहार और छेडख़ानी जैसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे विद्यार्थियों में भय का माहौल है।

इसके साथ ही छात्र एकता परिषद ने दूसरे ज्ञापन के जरिए शहर के सभी गल्र्स स्कूल, गल्र्स कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और अन्य शैक्षणिक केंद्रों के बाहर मनचले युवकों के खिलाफ विशेष पुलिस अभियान चलाने की मांग उठाई है। संगठन ने सुझाव दिया है कि संवेदनशील शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सादा वर्दी में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए तथा स्कूल-कॉलेज की छुट्टी के समय नियमित पुलिस पेट्रोलिंग कराई जाए। पदाधिकारियों ने कहा कि तेज गति से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर कट मारने, पीछा करने और अभद्र टिप्पणी करने वाले तत्वों की पहचान कर यातायात व आपराधिक नियमों के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि छात्राएं बिना किसी भय के अपनी शिक्षा जारी रख सकें।