कुंडा/छतरपुर। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले स्थित कुंडा में आयोजित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर महाराज) की भव्य श्रीराम कथा के अंतिम दिवस एक अत्यंत भावुक और आत्मीय क्षण देखने को मिला। कथा के समापन अवसर पर बागेश्वर महाराज ने कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' को उनके आध्यात्मिक गुरु, ब्रह्मलीन परमपूज्य देवरहा बाबा का एक बेहद सजीव स्केच चित्र भेंट किया। खास बात यह है कि आस्था और कला का प्रतीक यह अद्भुत पेंटिंग बुंदेलखंड के सुप्रसिद्ध चित्रकार एवं छतरपुर निवासी राजेश खरे 'संजू' द्वारा तैयार की गई है।
गुरु का चित्र पाकर अभिभूत हुए राजा भैया, मंच पर गूंजी तालियां
कथा के विराम दिवस पर जब बागेश्वर महाराज ने व्यासपीठ से विधायक रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' को ब्रह्मलीन देवरहा बाबा का यह हस्तनिर्मित स्केच भेंट किया, तो वे अपने गुरु के प्रति अगाध श्रद्धा से अभिभूत नजर आए। गुरु के प्रति शिष्य के इस भावपूर्ण सम्मान को देखकर विशाल कथा पंडाल में उपस्थित हजारों श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा परिसर तालियों व जयकारों से गूंज उठा।
ये भी पढ़ें




छतरपुर के चित्रकार राजेश खरे 'संजू' की कला ने बिखेरी बुंदेलखंड की चमक
इस आत्मीय भेंट के पीछे बुंदेलखंड की धरती के एक प्रतिभाशाली कलाकार की साधना जुड़ी है। ब्रह्मलीन देवरहा बाबा के इस जीवंत स्केच को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के जाने-माने चित्रकार राजेश खरे 'संजू' ने अपनी तूलिका से उकेरा है। चित्र में देवरहा बाबा की सौम्य मुस्कान, तेज और आध्यात्मिक आभा को इतनी बारीकी और सजीवता के साथ दर्शाया गया है कि देखने वाले मंत्रमुग्ध रह गए।
बुंदेलखंड के कला जगत में खुशी की लहर
कुंडा जैसे बड़े धार्मिक और राजनीतिक मंच पर छतरपुर के कलाकार द्वारा निर्मित कृति को स्थान मिलने और बागेश्वर महाराज के हाथों भेंट किए जाने से समूचे छतरपुर और बुंदेलखंड के कला जगत में हर्ष का माहौल है। स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों और कला प्रेमियों ने चित्रकार राजेश खरे 'संजू' की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी कला ने एक बार फिर बुंदेलखंड की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

















