इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के राजनीतिक गलियारों से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के पूर्व संचालक मंडल सदस्य वीरेंद्र व्यास को हृदयाघात (हार्ट अटैक) आने की जानकारी मिली है। वीरेंद्र व्यास इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-2 के विधायक रमेश मेंदोला के बेहद करीबी और खास समर्थकों में गिने जाते हैं। उनके अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई है तथा सभी उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।

अपरिहार्य कारणों से शनिवार, 21 नवंबर का आयोजन किया गया स्थगित

वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र व्यास को हार्ट अटैक आने के कारण क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में भी बदलाव किया गया है। इंदौर नगर निगम के वार्ड क्रमांक-33 में कल शनिवार, 21 नवंबर को आयोजित होने वाला भव्य दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। वार्ड क्रमांक-33 के पार्षद मनोज मिश्रा ने आधिकारिक सूचना जारी करते हुए बताया कि अपरिहार्य कारणों से शनिवार को प्रस्तावित यह आयोजन नहीं किया जाएगा।

आगामी तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी—पार्षद मनोज मिश्रा

पार्षद मनोज मिश्रा ने क्षेत्र के रहवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि फिलहाल कल होने वाले दीपावली मिलन समारोह और अन्नकूट महोत्सव को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिस्थितियां सामान्य होने के पश्चात कार्यक्रम की नई और आगामी तारीख तय की जाएगी, जिसकी सूचना समय रहते सभी रहवासियों और कार्यकर्ताओं को दे दी जाएगी।