उत्तरप्रदेश। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शनिवार यानी कि कल वृंदावन प्रवास पर पहुंच रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बागेश्वर महाराज कल दोपहर वृंदावन पहुंचेंगे, जहां वे विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लेंगे। इसके साथ ही वे कथावाचक अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के आश्रम में आयोजित कन्या विवाह महोत्सव में भी सम्मिलित होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। अपने इस दौरे से ठीक पहले मीडिया से बातचीत करते हुए बागेश्वर महाराज ने सामाजिक समरसता और मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर बड़ा बयान दिया है।


मीडिया से चर्चा के दौरान बागेश्वर महाराज ने सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देते हुए कहा कि उनके लिए सभी समाज समान हैं—चाहे वे यदुवंशी हों या रघुवंशी, उनके मन में किसी प्रकार का कोई भेदभाव या जाति-पांत नहीं है। उन्होंने कहा, राम और श्याम दोनों एक ही हैं, इनमें रत्ती भर भी अंतर नहीं है। हम यादव में माधव और माधव में यादव के दर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या के बाद अब मथुरा की बारी से जुड़े सवाल पर बागेश्वर महाराज ने कहा कि श्रीराम कथा का मुख्य उद्देश्य भी यही है कि अब कृष्ण लला हम आएंगे, माखन मिश्री खाएंगे के संकल्प को साकार किया जाए। अपने आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वे 21 नवंबर को वृंदावन जाकर ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन करेंगे।



बागेश्वर महाराज ने घोषणा की कि बांके बिहारी जी के दर्शन के पश्चात वे वहीं से यह प्रण और संकल्प लेंगे कि मथुरा में जो "औरंगजेब की निशानी" है, वह समाप्त हो और भगवान श्रीकृष्ण अपने भव्य व दिव्य रूप में वहां विराजमान हों। उन्होंने कहा कि इस संकल्प की सिद्धि के लिए आने वाले दिनों में मथुरा की पावन भूमि पर भव्य सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का भी आयोजन किया जाएगा।