मनीला। फिलीपींस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत किया गया। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुआल्डेज मार्कोस जूनियर ने पीएम मोदी के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। पीएम मोदी यहां 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर और फर्स्ट लेडी लुईस अरनेटा-मार्कोस ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी ने फिलीपींस में पुरुषों की पारंपरिक औपचारिक पोशाक 'बारोंग तागालोग' पहनी हुई थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने रात्रिभोज परिसर तक पहुंचने के लिए खास तौर पर तैयार किए गए बैटरी से चलने वाले ऑटो रिक्शा की सवारी की। यह ऑटो विशेष अतिथियों के स्वागत के लिए तैयार किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस पहुंचे हैं। वे यहां 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले हैं। फिलीपींस, 2026 के लिए आसियान अध्यक्ष के रूप में इन सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है।
इससे पहले मनीला पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। पीएम ने लोगों का आभार जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''मैं कुछ समय पहले फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचा। यहां भारतीय समुदाय के लोगों से मिलकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने मेरा बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया। यह देखकर अच्छा लगा कि हमारी भारतीय मूल के समुदाय न सिर्फ अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोए हुए है, बल्कि भारत और फिलीपींस के रिश्तों को और मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही है।''
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, ''कार्यक्रम में भारत और फिलीपींस के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों की सुंदर झलक देखने को मिली। इस दौरान 'अगुसान की गोल्डन तारा' और 9वीं-10वीं सदी के ऐतिहासिक 'लगुना कॉपरप्लेट शिलालेख' की प्रतिकृतियां भी देखीं। सबसे खास पल तब था, जब दोनों देशों के बच्चों ने मिलकर पूर्ण कुंभ श्लोक का पाठ किया। इसके बाद शानदार बॉलीवुड और जोशीले भांगड़ा प्रदर्शनों ने कार्यक्रम में और उत्साह भर दिया। यह कार्यक्रम भारत और फिलीपींस के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव, दोस्ती और लोगों के बीच मजबूत रिश्तों का बेहतरीन उदाहरण था।''
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर प्रधानमंत्री के मनीला आगमन की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा, "यह दौरा 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' और 'इंडो-पैसिफिक विजन' के एक अहम हिस्से के रूप में आसियान के साथ भारत की साझेदारी को और मजबूत करता है।"
विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के क्रियान्वयन में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसमें 'आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030' भी शामिल है। साथ ही, भविष्य में सहयोग की दिशा भी तय की जाएगी।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत-आसियान संबंध, भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' और 'इंडो-पैसिफिक' के लिए हमारे विजन का एक मुख्य आधार हैं। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारत और आसियान वर्ष 2026 को 'आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष' के रूप में मना रहे हैं। इसके अलावा, 2027 में हमारे संवाद संबंधों के 35 साल और 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के पांच साल पूरे होने का जश्न मनाया जाएगा।
पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन, आसियान और अन्य प्रतिभागी देशों के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगा।

















