छतरपुर, संजय अवस्थी। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब विक्रमपुर गांव के पूर्व सरपंच महुम सिंह उर्फ हल्के राजा पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।


जानकारी के अनुसार महुम सिंह उर्फ हल्के राजा छतरपुर से अपने गांव विक्रमपुर लौट रहे थे। इसी दौरान इमलिया के पास चार फोर व्हीलर वाहनों में सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य कारणों को लेकर भी पुलिस पड़ताल कर रही है।


योगेन्द्र देव बुन्देला ने बताया कि उसके चाचा महुम सिंह छतरपुर से लौटकर विक्रमपुर जा रहे थे तभी इमलिया गांव के पास फोर व्हीलर वाहनों से आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चाचा को कितनी गोलियां लगी हैं इसकी जानकारी नहीं लग पायी है। अभी चाचा का इलाज किया जा रहा है।