भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन कांग्रेस विधायकों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी विधायक काली पट्टी बांधकर विधानसभा परिसर पहुंचे और गिरफ्तारी के विरोध में नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सदस्यों ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई बताते हुए इसकी निंदा की।
विधानसभा परिसर में हुए इस विरोध प्रदर्शन के कारण सियासी माहौल गर्म रहा। विपक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और कांग्रेस इस मुद्दे को सदन से लेकर जनता के बीच तक मजबूती से उठाएगी।
मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले हुए इस प्रदर्शन ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि इस मुद्दे को लेकर आगे भी उसका विरोध जारी रहेगा।




