पन्ना/अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। अजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सबदुआ में राजश्री गुटखा की उधारी को लेकर किराना व्यापारी और उसके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि उधारी देने से इनकार करने पर गांव के कुछ लोगों ने किराना व्यापारी सहित परिवार के कई सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कई लोग हाथों में लाठियां लेकर किराना व्यापारी और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस घटना में जैन समाज के कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घायलों के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं।
दिनदहाड़े हुई इस मारपीट की घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत अजयगढ़ थाने में दर्ज कराई है। पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।




