कटनी, सुमित पाण्डेय। जमानत मिलने के बावजूद पुलिस की मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। माधवनगर थाना क्षेत्र के एक युवक ने थाना प्रभारी पर ही गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी है।


युवक सौरभ द्विवेदी ने आरोप लगाया कि 23 जून 2026 की रात थाना प्रभारी संजय दुबे पुलिस बल के साथ उनके घर पहुंचे। जमानत की कॉपी थाने में होने के बावजूद उन्हें जबरन उठाकर थाने ले जाया गया, लॉकअप में बंद किया गया और वहां मारपीट तथा टॉर्चर किया गया। युवक का कहना है कि पुलिस ने उसे दूसरे मामले में फंसाने की धमकी भी दी।


सौरभ द्विवेदी अग्निकांड से जुड़े मामले में आरोपी हैं और सर्वोच्च न्यायालय से उन्हें अग्रिम जमानत प्राप्त है। इसके बावजूद पुलिस का यह कथित रवैया चौंकाने वाला है।


पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के कार्यालय पहुंचकर इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


पुलिस अधीक्षक का बयान


एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपों की पूरी जांच कराई जाएगी और यह भी देखा जाएगा कि युवक को थाने किस आधार पर लाया गया था। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


यह मामला अब पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है, क्योंकि आरोपी को सर्वोच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद भी कथित रूप से इस तरह का व्यवहार किया गया।