मैहर,नरेन्द्र पटेल। जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक विवाहित महिला के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम ओबरा में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान पीड़िता की मुलाकात आरोपी से हुई थी। परिचय धीरे-धीरे दोस्ती में बदला और बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। बताया जा रहा है कि पीड़िता तीन बच्चों की मां है।


आरोप है कि आरोपी ने महिला को शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने करीब एक वर्ष तक उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि आरोपी लगातार उससे शादी करने का आश्वासन देता रहा, लेकिन बाद में उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। जब आरोपी ने अपने वादे से मुकरते हुए शादी से इंकार कर दिया, तब पीड़िता ने अमरपाटन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।