सतना, सजल कुमार रजक। स्मार्ट सिटी सतना में नगर निगम प्रशासन की नाक के नीचे नियमों को ताक पर रखकर 35 से अधिक टिम्बर गोदाम संचालित किए जा रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से कई गोदाम शहर के प्रमुख मार्गों, स्कूल-कॉलेजों और घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों के बीच स्थित हैं। आरोप है कि इन गोदामों का संचालन न केवल बिना आवश्यक अनुमति के हो रहा है, बल्कि यहां फायर सेफ्टी के इंतजाम भी नदारद हैं और नगर निगम के टैक्स संबंधी औपचारिकताओं की भी अनदेखी की जा रही है।
इस मामले में प्रशासनिक लापरवाही का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2010 में तत्कालीन कलेक्टर सुखवीर सिंह ने इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी किए थे, लेकिन 16 साल बीत जाने के बाद भी उन आदेशों पर प्रभावी अमल नहीं हो सका है। अब मामले के तूल पकड़ने और गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त नागार्जुन गोंडा ने जांच के आदेश जारी किए हैं। जांच दल द्वारा सभी टिम्बर गोदामों की वैध अनुमति, फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, टैक्स भुगतान और अन्य जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जाएगी। हालांकि, शहर के बीचों-बीच लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार पर जिम्मेदार विभागों की चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
















