छतरपुर। जिले में बीते 24 घंटे से हो रही झमाझम बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह रिपटा व पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन बाधित हो गया है। कई स्थानों से कच्चे मकानों के गिरने के वीडियो भी सामने आए हैं। मौसम विभाग की ओर से अभी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।


पुल पर पानी से अस्पताल नहीं पहुंच सकी गर्भवती, टैक्सी में हुआ प्रसव


बड़ामलहरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बमनी में श्यामरी नदी के पुल पर पानी आने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इसी दौरान अस्पताल के लिए टैक्सी से जा रही गर्भवती महिला पुल पर पानी होने के कारण आगे नहीं जा सकी। मजबूरी में टैक्सी में ही महिला का प्रसव हो गया।


भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी अनिल शर्मा के अनुसार, ग्रामीण कई वर्षों से श्यामरी नदी के पुल को ऊंचा कराने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए विधायक, मंत्री और प्रशासन को कई बार आवेदन दिए गए हैं। समाचार पत्रों के माध्यम से भी समस्या को लगातार उठाया गया, लेकिन अब तक पुल को ऊंचा कराने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में पुल पर पानी आने से गांव का संपर्क प्रभावित हो जाता है। गर्भवती महिला के साथ हुई घटना ने एक बार फिर बरसात के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और आवागमन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


गुढ़ाकलां में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, टला बड़ा हादसा


लवकुशनगर क्षेत्र के गुढ़ाकलां में मूसलाधार बारिश के बीच एक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। मकान गिरने का वीडियो भी सामने आया है। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जिले में लगातार बारिश के कारण कई कच्चे मकानों के कमजोर होने और गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं।


जटाशंकर धाम में जटाधारी भोलेनाथ का हुआ प्राकृतिक जलाभिषेक


लगातार दो दिनों की तेज बारिश के बाद प्रसिद्ध जटाशंकर धाम में भी प्रकृति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गोमुख से पानी का प्रवाह बढ़ने के साथ जटाधारी भोलेनाथ का बारिश के जल से प्राकृतिक जलाभिषेक होता दिखाई दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


बारिश के कारण जटाशंकर धाम के प्रांगण में पानी का भराव भी बढ़ गया। पहाड़ों से उतरता पानी और गोमुख से बहती जलधारा के कारण पूरा परिसर मनमोहक नजर आया। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इस दृश्य को कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया। श्रद्धालुओं के बीच यह दृश्य आस्था और प्रकृति के अनूठे संगम के रूप में चर्चा का विषय बना हुआ है।


झमटुली समेत कई जगह नदी-नाले उफान पर


लगातार बारिश के कारण ग्राम झमटुली के नाले समेत जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं। कई जगह रिपटा और पुल के ऊपर पानी बहने से मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की जा रही है।


बारिश के चलते आज स्कूलों में विद्यार्थियों का अवकाश


जिले में लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए सुरक्षा कारणों से 3 सितंबर 2026 को जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी छतरपुर के आदेश के अनुसार शिक्षक सामान्य रूप से अपने स्कूलों में उपस्थित रहकर आवश्यक कार्य पूर्ण करेंगे।


हालांकि नदी-नालों में उफान, बाढ़ या जलभराव की स्थिति में यदि कोई शिक्षक स्कूल तक नहीं पहुंच पाता है तो ई-अटेंडेंस के लिए पहले संकुल प्राचार्य क्रॉस-वेरिफिकेशन करेंगे। इसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा क्रॉस-वेरिफिकेशन कर ऐसे शिक्षकों की रिपोर्टिंग की जाएगी। इसके आधार पर ई-अटेंडेंस न लगा पाने वाले संबंधित शिक्षकों की उपस्थिति मान्य की जाएगी।


अब तक सामान्य वार्षिक बारिश का 76.5 प्रतिशत पानी बरसा


जिले में 1 जून से 3 सितंबर 2026 तक कुल 6574.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। सभी विकासखंडों को मिलाकर जिले में औसत बारिश 821.8 मिमी (32.4 इंच) दर्ज हुई है। जिले की सामान्य औसत वार्षिक वर्षा 1074.9 मिमी है। इस लिहाज से अब तक सामान्य वार्षिक वर्षा का करीब 76.5 प्रतिशत पानी बरस चुका है।


विकासखंडवार आंकड़ों में गौरिहार में सबसे अधिक 1098.6 मिमी, बड़ामलहरा में 1009.6 मिमी और लवकुशनगर में 972.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

3 सितंबर को कहां कितनी बारिश

राजनगर में 7.7 इंच बारिश

नौगांव में 3.5 इंच

लवकुशनगर में 3.3 इंच

छतरपुर में 2.6 इंच

बिजावर में 2.2 इंच

बड़ामलहरा में 1.7 इंच

गौरिहार में 1.5 इंच

बक्सवाहा में 0.6 इंच बारिश दर्ज की गई है।


लगातार बारिश और आगामी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिले में नदी-नालों के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीण और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।