छतरपुर, संदीप यादव। जिले के बिजावर तहसील अंतर्गत किशनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम राईपुरा में सरपंच सहित आधा दर्जन लोगों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित रवि अहिरवार और प्रकाश अहिरवार ने बताया कि गांव की सार्वजनिक जमीन पर पड़े कचरे में आग लग गई थी। आग बुझाने को लेकर गांव में विवाद हो गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर सरपंच चरनामन प्यासी सहित अन्य लोगों ने दोनों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में रवि अहिरवार और प्रकाश अहिरवार को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया।
पीड़ितों का आरोप है कि सरपंच के दबाव के कारण किशनगढ़ थाने में उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसको लेकर उन्होंने आज 6 मार्च को दोपहर करीब 3 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय छतरपुर पहुंचकर आवेदन दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



