खजुराहो,तुलसी दास । महाशिवरात्रि मेले के दूसरे दिन आयोजित भव्य कवि सम्मेलन ने देर रात तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रखा। हास्य, वीर और श्रृंगार रस से सजी प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को काव्यमय वातावरण से भर दिया। वीर रस के कवि अनिल तेजस्व (जतारा) ने जोशीली रचनाओं से श्रोताओं में ऊर्जा का संचार किया। अंकिता शुक्ला (लखनऊ) ने श्रृंगार रस की मनमोहक प्रस्तुति दी, वहीं शिखा सिंह उर्जिता (आगरा) ने वीर रस की ओजस्वी कविताओं से उत्साह बढ़ाया।
हरीश हंगामा (राजस्थान) और अजय मोहन तिवारी (बुंदेली हास्य) ने अपने व्यंग्य और हास्य से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। जसवेंद्र सिंह बुंदेला (इंदौर) ने गीतों के माध्यम से लोकभावनाओं को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया। स्थानीय कवियों राजीव शुक्ला और प्रवेश तिवारी (खजुराहो) ने अपनी रचनाओं के माध्यम से क्षेत्रीय संस्कृति और परंपराओं की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का संयोजन इंद्रजीत दीक्षित द्वारा किया गया, जबकि संचालन अभिषेक अरजरिया ने प्रभावशाली ढंग से किया।इस अवसर पर राजनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरविंद पटेरिया, नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू अवस्थी, सीएमओ बसंत चतुर्वेदी तथा उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्रीमती बिट्टी बाई आशाराम पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

