रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर के मदनी चौक में शनिवार को एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में परिवार के मुखिया साजिद अली, उनकी पत्नी और परिवार के तीन अन्य सदस्य शामिल हैं। प्रारंभिक तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन कर सामूहिक आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मकान को सील कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस घर में मिले मोबाइल फोन, दस्तावेज, अन्य सामान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कर रही है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक परिवार किराए के मकान में रहता था। घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए परिवार के परिचितों, पड़ोसियों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगा।


घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें। फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस वैधानिक कार्रवाई के साथ मामले की जांच में जुटी हुई है।