दमोह, राजेन्द्र तिवारी। मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान खेमा पटेल तथा उनकी बेटी उर्मिला पटेल (7), बेटे उमेश पटेल (4) और एक वर्षीय बेटे राजा पटेल के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति द्वारका पटेल को मौके से गिरफ्तार कर अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद कुल्हाड़ी लेकर घटनास्थल पर बैठा हुआ था।


घटना की सूचना मिलते ही मगरोन थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में पति-पत्नी के बीच करीब एक वर्ष से विवाद चलने की बात सामने आई है। मृतका के पिता के अनुसार, दंपती के बीच लंबे समय से विवाद था और उनकी बेटी कुछ समय मायके में रहने के बाद हाल ही में ससुराल आई थी। पिता ने यह भी बताया कि मृतका ने पूर्व में विवाद को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्याकांड के पीछे के कारणों और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।