पन्ना/शाहनगर। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में सोमवार को शाहनगर के युवाओं ने शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों को बुलंद किया। सुबह करीब 11:30 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन में युवाओं ने हाथों में फ्लेक्स और तख्तियां लेकर विरोध दर्ज कराया तथा विभिन्न नारों के माध्यम से अपनी बात रखी।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने "आओ मिलकर लड़ें", "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" और "वह आज भूखा है ताकि भविष्य में कोई भूखा न सोए" जैसे संदेश लिखी तख्तियां प्रदर्शित कीं। युवाओं ने कहा कि यह प्रदर्शन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने और सोनम वांगचुक के समर्थन में आयोजित किया गया है।
प्रदर्शन में केदार लखेरा, शौरभ राजा, शुभम रजक, सुरेंद्र नामदेव, राहुल सिंह, नरेंद्र तिवारी, सुखचैन चौधरी सहित दर्जनों युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।
धरने के दौरान पूरे समय शांतिपूर्ण माहौल बना रहा। युवाओं ने कहा कि वे जनहित के मुद्दों पर जागरूकता फैलाने और लोकतांत्रिक मूल्यों के तहत अपनी बात रखने के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे।




