छतरपुर। छतरपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत बच्चा जेल के समीप अमलताश कॉलोनी के बगल में स्थित एक मकान में 25 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान मालती प्रजापति (पति सुमन कुमार प्रजापति, मूल निवासी थरा गांव) के रूप में हुई है। घटना दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब महिला घर पर बिल्कुल अकेली थी। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात हमलावर ने सूनेपन का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
बाहर खेलता रहा मासूम, भाई के पहुंचने पर हुआ खुलासा
वारदात के समय मृतका का 7 वर्षीय मासूम बेटा घर के बाहर बेखबर होकर साइकिल चला रहा था, जिसे यह अंदाजा भी नहीं था कि मकान के भीतर उसकी मां के साथ इतनी खौफनाक घटना घट चुकी है। बजरंग नगर में किराए से रहने वाला मृतका का भाई पुष्पेंद्र प्रजापति जब घर पहुंचा, तो उसने भांजे को बाहर खेलते देखा। भीतर जाने पर उसने अपनी बहन का खून से लथपथ शव पड़ा पाया। इसके तुरंत बाद उसने डायल 100 और एम्बुलेंस को सूचना दी।
काम के सिलसिले में ढिलापुर गया था पति
मृतका का पति सुमन कुमार पशु चिकित्सा से जुड़ा निजी कार्य करता है और रोजाना की तरह काम के सिलसिले में ढिलापुर गांव गया हुआ था। परिजनों के अनुसार, परिवार ने हाल ही में दीपावली के समय इस नए बने मकान में गृह प्रवेश किया था। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे रिहायशी इलाके में भारी दहशत फैल गई है।
एसपी सहित आला अधिकारियों ने किया मौका मुआयना
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और मौका मुआयना किया। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर इलाके को सील कर दिया है। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की वजह और अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा सभी संदिग्ध बिंदुओं पर सघन जांच जारी है।




