छतरपुर, शिवम सोनी। राजनगर थाना क्षेत्र की सिंचाई कॉलोनी निवासी एक महिला शिक्षक बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। महिला ने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति पर शराब के नशे में आए दिन गाली-गलौज करने, अश्लील हरकतें करने और धमकियां देने के आरोप लगाए हैं। महिला ने एसपी को शिकायत सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।


शिकायतकर्ता आभा खरे, निवासी सिंचाई कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 07 राजनगर ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला प्रभात अवस्थी उर्फ निक्की महाराज कथित तौर पर शराब के नशे में आए दिन उत्पात करता है। महिला का आरोप है कि आरोपी मोहल्ले में रहने वाली महिलाओं और लड़कियों के साथ भी अभद्र व्यवहार करता है। उसके साथ भी कई बार गाली-गलौज और अश्लील हरकत किए जाने का आरोप महिला ने लगाया है।


महिला के मुताबिक, वह इस संबंध में वर्ष 2018 और 2019 में भी पुलिस से शिकायत कर चुकी है। इसके अलावा 20 अगस्त 2026 को हुई घटना के संबंध में राजनगर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। महिला का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी की धमकियां और परेशान करने की हरकतें जारी हैं।


महिला शिक्षक ने बताया कि वह सरकारी शिक्षिका है और घर में अपनी 20 वर्षीय बेटी के साथ रहती है। आरोपी की कथित हरकतों के कारण उसे घर से बाहर निकलने और ड्यूटी पर जाने में भी डर और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे और उसकी बेटी को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।