इंदौर,शुभम । शहर के विजय नगर थाना क्षेत्र में दो गुटों के आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कुछ युवकों के बीच विवाद चल रहा था, तभी गोलू नाम का युवक बीच-बचाव करने पहुंचा। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर चाकू और कांच की बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि घटना आपसी रंजिश का परिणाम प्रतीत होती है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश की जा रही है। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें 4 से 5 युवक एक युवक पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।