भोपाल, जीतेन्द्र यादव। बुंदेली लोकभाषा और संगीत के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले युवा गायक सुनील लोधी को राज्य सरकार प्रोत्साहित करेगी। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लिए बुंदेली भाषा में गीत गाया है। अपनी इस उपलब्धि को लेकर वे मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सुनील लोधी को फिल्म के लिए बुंदेली गीत गाने की उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिभा और लगन की सराहना करते हुए राज्य सरकार की ओर से उन्हें प्रोत्साहित करने की बात कही।
सुनील लोधी की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि जन्म से दृष्टिबाधित होने के बावजूद उन्होंने संगीत के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लिए बुंदेली में गीत गाकर उन्होंने बुंदेली भाषा और संस्कृति को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने अपनी संगीत यात्रा और फिल्म में गाए गीत से जुड़ी जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हें आगे भी इसी तरह अपनी प्रतिभा को निखारने और बुंदेली कला-संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।














