शहडोल। सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली चमक-दमक और आलीशान जीवनशैली के पीछे छिपे धोखे का एक चौंकाने वाला मामला शहडोल जिले से सामने आया है। यहां कॉलेज की प्रथम वर्ष की एक छात्रा इंस्टाग्राम पर बनी दोस्ती के बाद एक युवक के प्रेम जाल में फंसकर उसके साथ चली गई। युवक ने सोशल मीडिया पर खुद को अमीर और बड़ी-बड़ी कोठियों का मालिक बताया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाकर इंस्टाग्राम पर 'करण राजपूत' नाम से फर्जी आईडी बनाई थी। वह महंगी लाइफस्टाइल दिखाकर छात्रा को प्रभावित करता रहा। बाद में छात्रा उसके साथ घर छोड़कर चली गई।
मामले की जानकारी मिलने पर जैतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुरैना जिले से छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस जांच में युवक की असलियत सामने आई, जिसमें पता चला कि वह कोई रईस कारोबारी नहीं बल्कि घरों में पुट्टी-पुताई का काम करने वाला मजदूर है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान ग्वालियर जिले के निवासी करण धानुक के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर लोगों को गुमराह करने के खतरों को लेकर भी जागरूक रहने की अपील की है।

