मैहर/अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। अमरपाटन व्यापारी संघ के चुनाव में नामी व्यापारी सुनील अग्रवाल उर्फ गुड्डा भैया ने जीत हासिल कर अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी अजीत जैन उर्फ शेट्टी को पराजित किया। चुनाव में कुल 273 व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।


चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद व्यापारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। संघ के अन्य पदों के परिणाम भी सामने आ गए हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सराफा व्यवसायी उत्तम सोनी ने 160 मत हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राकेश जैन 136 मतों के साथ निर्वाचित हुए।


कोषाध्यक्ष पद पर मेडिकल संचालक मनोज अग्रवाल ने 92 मत हासिल कर जीत दर्ज की। मंत्री पद पर अभिषेक गुप्ता ने 142 मत प्राप्त कर बाजी मारी, जबकि सह मंत्री पद पर नरेंद्र साहू ने 134 मतों के साथ जीत हासिल की।


व्यापारी संघ की कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शैलेश अग्रवाल, रत्नेश अग्रवाल, अरविंद सोनी, रुपेश जैन, दिनेश अग्रवाल, जितेंद्र गुप्ता, रघुवीर, वीरेंद्र सोनी, अवकाश और रामनिधि ने भी जीत दर्ज की।


चुनाव परिणाम सामने आने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी व्यापारी हितों और उनकी समस्याओं को लेकर प्रभावी ढंग से काम करेगी तथा संघ को और मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास करेगी।