कटनी। शहर के माधव नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगवां स्थित आयकर विभाग के शासकीय रेस्ट हाउस में पदस्थ एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बंद कमरे में बिस्तर पर उनका शव मिलने से प्रशासनिक और पुलिस हलकों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

दरवाजा न खुलने पर हुआ अनहोनी का शक

माधव नगर पुलिस के अनुसार, मृतक अधिकारी की पहचान 50 वर्षीय मानवेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वे मूलतः लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे और कटनी में वरिष्ठ आयकर अधिकारी के पद पर पदस्थ थे। घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब उनका सरकारी ड्राइवर वाहन की चाबी लेने उनके कमरे पर पहुंचा। काफी देर तक घंटी बजाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो ड्राइवर व अन्य कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब दरवाजा तोड़ा, तो अधिकारी बिस्तर पर अचेत पड़े मिले। परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

शरीर पर चोट के निशान नहीं, न मिला सुसाइड नोट

माधव नगर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव ने बताया कि कमरे का सघन निरीक्षण किया गया है, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। अधिकारी के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं हैं। परिस्थितियों को देखते हुए प्रारंभिक स्तर पर मौत का कारण 'साइलेंट हार्ट अटैक' माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक स्थिति मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

लखनऊ में रहता है परिवार, पीएम रिपोर्ट का इंतजार

मानवेंद्र प्रताप सिंह की पदस्थापना कटनी में हुई थी और वे यहां रेस्ट हाउस में अकेले रह रहे थे, जबकि उनका परिवार लखनऊ में रहता है। पुलिस ने घटना की जानकारी लखनऊ स्थित उनके परिजनों को दे दी है। परिजनों के कटनी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।