मुंबई। टाटा संस ने कथित तौर पर 26 नवंबर को होने वाली अपनी बोर्ड बैठक स्थगित कर दी है। इसकी वजह नोएल टाटा की ओर से बैठक के एजेंडे पर आगे बढ़ने से पहले नियमानुसार एक सप्ताह का नोटिस देने की मांग है।एनडीटीवी प्रॉफिट की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अब बैठक की नई तारीख तय करेगी, क्योंकि एक सप्ताह पहले नोटिस देने का अनुरोध कंपनी अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप है।

यह बोर्ड बैठक ऐसे समय में होने वाली थी, जब कंपनी भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की उस मांग पर जवाब देने की तैयारी कर रही है, जिसमें उसने ऊपरी स्तर की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) पर लागू लिस्टिंग संबंधी नियमों का पालन करने को कहा है। नोएल टाटा का तर्क है कि कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के मुद्दे पर फैसला लेने से पहले एक वैकल्पिक प्रस्ताव पर विचार करना चाहिए, जिससे उसे लिस्टिंग से बचने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि बैठक का एजेंडा और संबंधित दस्तावेज केवल 22 नवंबर को अपलोड किए गए, जिससे निदेशकों को 26 नवंबर को प्रस्तावित बैठक से पहले उनकी समीक्षा करने के लिए महज चार दिन मिले।

उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा कि टाटा संस की परंपरा रही है कि बोर्ड बैठक के दस्तावेज कम से कम सात दिन पहले साझा किए जाते हैं। उन्होंने कंपनी की निर्धारित सचिवीय मानकों का पालन करने की प्रतिबद्धता का भी हवाला दिया।

कॉरपोरेट गवर्नेंस विशेषज्ञ कृष्णा अय्यर ने एनडीटीवी को बताया, "यह देरी महत्वपूर्ण है, क्योंकि बैठक के एजेंडे में टाटा संस की भविष्य की संरचना से जुड़े अहम फैसले शामिल हैं। नोएल टाटा का कहना है कि लिस्टिंग के मुद्दे पर बोर्ड के फैसले से पहले उनके वैकल्पिक पुनर्गठन प्रस्ताव पर उचित विचार किया जाना चाहिए।"

टाटा संस टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी है, जिसका कारोबार ऑटोमोबाइल, स्टील, टेक्नोलॉजी, विमानन और उपभोक्ता उत्पादों जैसे क्षेत्रों में फैला हुआ है। कंपनी सूचीबद्ध नहीं है। हालांकि, सितंबर 2022 में आरबीआई द्वारा इसे ऊपरी स्तर की एनबीएफसी के रूप में वर्गीकृत किए जाने के बाद यह नियामकीय आवश्यकताओं के दायरे में आ गई। इनमें तीन साल के भीतर अनिवार्य लिस्टिंग भी शामिल थी।

इसके बाद टाटा संस ने कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी (सीआईसी) के ढांचे से बाहर निकलने का प्रयास किया। हालांकि, आरबीआई ने सितंबर 2026 में उसके आवेदन को खारिज कर दिया।

आरबीआई ने 16 नवंबर को भेजे गए एक पत्र में एक बार फिर अपना रुख दोहराते हुए टाटा संस को लिस्टिंग की अनिवार्यता सहित सभी लागू नियमों का पालन करने की सलाह दी। इससे आईपीओ का मुद्दा लगातार अधिक महत्वपूर्ण होता जा रहा है और इससे बचना मुश्किल हो गया है।

नोएल टाटा ऐसे पुनर्गठन प्रस्ताव पर जोर दे रहे हैं, जिससे टाटा संस अपनी गैर-सूचीबद्ध स्थिति बरकरार रख सके। इस प्रस्ताव के तहत समूह की दो कंपनियों टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स सॉल्यूशंस (टीईएसएस) और टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स (टीसीई) का टाटा संस में विलय करने की योजना है।

इसका उद्देश्य होल्डिंग कंपनी के कारोबारी और वित्तीय ढांचे में बदलाव करना है, ताकि वह ऊपरी स्तर की एनबीएफसी और कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी की श्रेणियों के दायरे में न आए।

हालांकि, इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए आवश्यक कॉरपोरेट और नियामकीय मंजूरियां लेनी होंगी। आरबीआई के हालिया पत्र ने भी इस मामले में दबाव बढ़ा दिया है, क्योंकि इसमें टाटा संस की लिस्टिंग की अनिवार्यता का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है।

यह असहमति केवल लिस्टिंग के मुद्दे तक सीमित नहीं है। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को अगले पांच साल के कार्यकाल के लिए दोबारा नियुक्त किए जाने का मुद्दा भी विवाद का विषय बन गया है।

17 सितंबर को हुई बोर्ड बैठक में निदेशकों ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का समर्थन किया था, जबकि नोएल टाटा ने इसका विरोध किया था।

इसके बाद नोएल ने दोबारा नियुक्ति के लिए अपनाई गई प्रक्रिया पर सवाल उठाए और सितंबर में हुई बोर्ड बैठक के साथ-साथ इससे पहले नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति की बैठक की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग तक पहुंच मांगी।

उन्होंने नामित निदेशक वेणु श्रीनिवासन की दोबारा नियुक्ति से जुड़ी चर्चाओं में भागीदारी पर भी कथित हितों के टकराव का हवाला देते हुए चिंता जताई है। टाटा संस ने कहा है कि इसमें हितों का कोई टकराव नहीं था और संबंधित मामलों का खुलासा किया गया था।