हज यात्रा से पहले 122 हाजियों की जांच, छिंदवाड़ा में लगा टीकाकरण शिविर

Advertisement
छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। हज कमिटी ऑफ इंडिया के निर्देश एवं राज्य हज कमेटी के मार्गदर्शन में छिंदवाड़ा जिला हज कमेटी द्वारा हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम बुधवार, 18 फरवरी 2026 को जिला मुख्य चिकित्सालय छिंदवाड़ा में आयोजित किया गया, जहां जिले से हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की गई। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस शिविर में डॉक्टरों की टीम ने हज यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक टीके लगाए।
कार्यक्रम के दौरान कुल 122 हज यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने यात्रियों को हज यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, आवश्यक दवाओं के उपयोग तथा संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी।
जिला हज कमेटी के अनुसार, हज यात्रा से पहले स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण की प्रक्रिया यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अनिवार्य की गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या से बचा जा सके और हाजियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर जिला हज कमेटी अध्यक्ष सूफी पीर मोहम्मद उर्फ (दासु बाबा) ने बताया कि हज यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने सभी हाजियों से समय पर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी प्रक्रियाएं पूरी करने की अपील की।
जिला हज कमेटी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
