छतरपुर। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिलौहां ग्राम से लापता हुई युवती प्रतिमा यादव का मामला उस समय बेहद भावुक और हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब वह अचानक अपने बयान दर्ज कराने एसपी कार्यालय पहुंची। एक तरफ बंद कमरे में थाना प्रभारी की मौजूदगी में युवती महिला थाने के भीतर अपने बयान दर्ज करा रही थी, तो दूसरी तरफ थाने के बाहर उसके लाचार माता-पिता अपनी बेटी से सिर्फ एक बार मिलने और उसकी सूरत देखने के लिए दहाड़ें मारकर, फूट-फूटकर रोते रहे। अपनों की इस बेबसी और आंसुओं को देखकर भी बेटी का दिल नहीं पिघला और वह अपने माता-पिता से मिले बिना ही वहां से रवाना हो गई।




परिजनों का आरोप: रिश्ते का चाचा ही भगा ले गया बेटी

पूरे मामले की पृष्ठभूमि में परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित माता-पिता के अनुसार, उनकी बेटी प्रतिमा यादव बीते 2 अप्रैल को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों का सीधा आरोप है कि उनके ही रिश्ते में चाचा लगने वाला धर्मेंद्र यादव उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इस घटनाक्रम के कुछ समय बाद ही उक्त नवविवाहित जोड़े ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी मर्जी से जाने और शादी करने की बात भी कही थी, जिससे परिवार गहरे सदमे में था।


चौकी पुलिस पर लापरवाही और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप

इस मामले में पीड़ित परिवार ने अक्टोंहा चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी बेहद संगीन और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। एसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस ने इस संवेदनशील मामले में शुरू से ही घोर लापरवाही बरती। परिजनों का आरोप है कि पुलिस द्वारा उनसे रिश्वत की मांग की गई और जब उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (181) पर शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिसकर्मियों द्वारा उस शिकायत को वापस लेने के लिए उन पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जाने लगा।


एसपी कार्यालय से निष्पक्ष कार्रवाई की गुहार

अपनी ही बेटी के इस रुख से पूरी तरह टूट चुके माता-पिता और परिजनों ने अब जिला पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। बहरहाल, युवती के बालिग होने की स्थिति में पुलिस ने नियमानुसार उसके बयान दर्ज कर लिए हैं, लेकिन पुलिस पर लगे आरोपों को लेकर अब वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जांच की बात कही जा रही है।