छतरपुर, अशोक नामदेव। किसान नेता अमिय भटनागर की गिरफ्तारी के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आया। छतरपुर कलेक्टर सहित केन-वेतवा लिंक परियोजना ढोडन बांध और पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारी ढोडन बांध क्षेत्र पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार ढोडन बांध निर्माण कार्य रोकने के लिए आंदोलनकारियों के पहुंचने की संभावना थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के चलते आंदोलनकारी बांध स्थल तक नहीं पहुंच सके। प्रशासन ने पन्ना टाइगर रिजर्व के भूसौर नाका से लेकर ढोडन बांध स्थल तक सुरक्षा बढ़ा दी है। पूरे क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

