सतना, अंबिका केशरी। नए वित्तीय वर्ष 2026-27 के तीन माह बीत जाने के बावजूद नगर निगम में संपत्ति कर की वसूली शुरू नहीं होने से करदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामकुमार तिवारी ने बुधवार को नगर निगम आयुक्त डॉ. शेर सिंह मीना को ज्ञापन सौंपकर तत्काल संपत्ति कर वसूली शुरू कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व वार्ड-33 के पार्षद संजू यादव भी मौजूद रहे।


ज्ञापन में बताया गया है कि शहर के करदाता लगातार नगर निगम के विभिन्न जोन कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों द्वारा यह कहकर वापस भेजा जा रहा है कि संपत्ति कर जमा करने के संबंध में अभी तक कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। इससे नागरिक समय पर अपना कर जमा नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नियमानुसार समय पर संपत्ति कर जमा करने वाले करदाताओं को मिलने वाली 6 प्रतिशत की छूट से भी लोग वंचित हो सकते हैं। वहीं, कर जमा करने में देरी होने पर भविष्य में अतिरिक्त कर या जुर्माना लगाए जाने की आशंका से करदाताओं में चिंता का माहौल है।


ज्ञापन में यह सवाल भी उठाया गया है कि यदि संपत्ति कर की वसूली केवल ऑनलाइन माध्यम से ही की जानी है, तो जोन कार्यालयों में पदस्थ कर्मचारियों की उपयोगिता पर भी पुनर्विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने आयुक्त से मांग की कि करदाताओं की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करते हुए संपत्ति कर वसूली की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से शुरू कराई जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।