अंताल्या (तुर्की), 22 नवंबर । संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (सीओपी) के 31वें संस्करण में प्रस्तावित अंताल्या पैक्ट पर सहमति नहीं बन सकी। यह जानकारी सीओपी 31 के अध्यक्ष मुरात कुरुम ने रविवार को दी। उन्होंने समापन पूर्ण अधिवेशन के दौरान यह टिप्पणी की। इससे कुछ घंटे पहले सम्मेलन के प्रस्ताव का तीसरा मसौदा जारी किया गया था। यह सम्मेलन शुक्रवार को निर्धारित समय पर समाप्त होना था, लेकिन सहमति न बनने के कारण इसकी कार्यवाही लगभग दो दिन तक आगे बढ़ गई।

तुर्की के पर्यावरण, शहरीकरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री और सीओपी-31 के अध्यक्ष मुरात कुरुम ने प्रतिनिधियों से कहा, "ऐसा लग रहा है कि कुछ पक्षों को इस मसौदे पर आपत्ति है। मैं समझता हूं कि इस पाठ पर सहमति नहीं बन पाई है। इसी वजह से इन फैसलों को अपनाया नहीं जा सका।"

उन्होंने कहा कि यह मसौदा किसी पर थोपा नहीं गया था। उनके अनुसार, सम्मेलन अध्यक्षता ने सभी देशों की मांगों को ध्यान से सुना और अलग-अलग विचारों के बीच सहमति बनाने के लिए दिन-रात काम किया।

बैठक की शुरुआत में कुरुम ने इस मसौदे को सभी प्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम बताया था। इसमें बिजलीकरण, ग्लोबल वार्मिंग को पूर्व-औद्योगिक स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने का लक्ष्य, अनुकूलन के लिए वित्त (एडैप्टेशन फाइनेंस) और महासागरों से जुड़े मुद्दे शामिल थे।

उन्होंने कहा, "किसी को भी वह सब कुछ नहीं मिला जो वह चाहता था लेकिन इस दस्तावेज में हर कोई खुद को देख सकता है। सहमति का मतलब भी यही होता है।" हालांकि, कुछ देशों की आपत्तियों के बाद इस मसौदे को मंजूरी नहीं मिल सकी।

इस नतीजे पर प्रतिक्रिया देते हुए संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने गहरी निराशा जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, "मुझे बेहद निराशा है कि सीओपी-31 किसी साझा और व्यापक समझौते के बिना समाप्त हो गया। मैं उन सभी लोगों की गहरी निराशा को समझता हूं, जिन्हें उम्मीद थी कि सरकारें जलवायु संकट की गंभीरता को देखते हुए निर्णायक कदम उठाएंगी।"

गुटेरेस ने कहा कि इस असफलता से जलवायु परिवर्तन से जुड़े वैज्ञानिक तथ्य नहीं बदलते। उन्होंने कहा क‍ि बातचीत के कमरे में भले ही सहमति नहीं बन पाई हो, लेकिन विज्ञान में कोई भ्रम नहीं है। सीओपी-31 का संदेश बिल्कुल साफ है कि दुनिया को जलवायु संकट से निपटने के लिए और ज्यादा प्रयास करने होंगे और यह काम तुरंत करना होगा।

दरअसल अंताल्या पैक्ट सीओपी 31 में तुर्किये के अंताल्या शहर में पेश किया गया एक प्रस्तावित वैश्विक जलवायु समझौता है। इसका उद्देश्य जलवायु कार्रवाई, वित्तपोषण, स्वच्छ ऊर्जा, अनुकूलन और 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान सीमा के लक्ष्य पर देशों की साझा प्रतिबद्धताओं को आगे बढ़ाना था।