भोपाल। भोपाल एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वजह एक चौंकाने वाली चोरी है। प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में अज्ञात चोर घुस गए। चोर सीधे स्टोर रूम तक पहुंचे, ताला तोड़ा और अंदर रखा सामान लेकर फरार हो गए। चोरी में मंत्री को मिले मेडल और प्रशस्ति पत्र भी शामिल हैं।


घटना का खुलासा होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। आवास के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान होने की उम्मीद जताई जा रही है।


यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि मंत्री का सरकारी बंगला वीआईपी इलाके में स्थित है, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होते हैं। इसके बावजूद चोरों का परिसर में घुसना और स्टोर रूम तक पहुंचकर सामान चोरी कर ले जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है।