टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर के नए बस स्टैंड के समीप कृषि विभाग परिसर में स्थित प्राचीन पंच परमेश्वर मंदिर में गुरुवार तड़के चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश मंदिर का गेट तोड़कर अंदर घुसे और पूजा में उपयोग होने वाली पीतल की थाली, घंटा सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना तड़के करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि कैमरा तोड़े जाने से पहले वारदात का अहम हिस्सा उसमें कैद हो गया। बताया जा रहा है कि फुटेज में संदिग्ध का चेहरा भी दिखाई दे रहा है।
सुबह श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो गेट टूटा मिला और मंदिर से सामान गायब था। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने धार्मिक स्थल पर हुई चोरी को गंभीर बताते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




