छतरपुर, संदीप यादव। शहर के छत्रसाल चौक पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे उस समय हंगामा हो गया, जब छत्रसाल नगर निवासी एक परिवार ने महिला का शव रखकर हाईवे जाम कर दिया। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने जिला अस्पताल प्रबंधन और ऑपरेशन करने वाली डॉक्टर भावना त्रिपाठी पर लापरवाही के आरोप लगाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर जाम खुलवाया।

जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के छत्रसाल नगर निवासी गोलू विश्वकर्मा की 25 वर्षीय पत्नी साधना विश्वकर्मा की करीब डेढ़ माह पहले जिला अस्पताल में ऑपरेशन से डिलीवरी हुई थी। इस दौरान उन्होंने बेटे को जन्म दिया था। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के बाद महिला का ब्लड बहना बंद नहीं हुआ। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया, लेकिन परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें झांसी ले गए। यहां करीब डेढ़ माह तक उनका उपचार चला, लेकिन आखिरकार उनकी मौत हो गई।

शुक्रवार को परिजन महिला का शव लेकर छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने रात करीब 8 बजे छत्रसाल चौक पर शव रखकर हाईवे जाम कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टर पर ऑपरेशन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

जाम की सूचना पर सीएसपी अरुण कुमार सोनी और सिटी कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद उन्होंने जाम खोल दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।