मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बसई में अचानक 10 गायों की दर्दनाक मौत हो जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक रूप से आशंका जताई जा रही है कि गायों की मौत जहरीला या दूषित भोजन (चारा/दाना) खाने की वजह से हुई है। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि लगभग 7 से 8 अन्य गायें अब भी गंभीर रूप से बीमार हैं और जीवन-मृत्यु से संघर्ष कर रही हैं।


घटना की भनक लगते ही पशुपालन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पशुपालन विभाग के डॉक्टरों और पशु चिकित्सकों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीमार गायों का उपचार शुरू कर दिया है, ताकि अन्य गायों की जान बचाई जा सके। वहीं, मृत गायों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग की टीम पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।