बिजावर, आमिल खान । बिजावर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रानीताल और अंधियारा गांव के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार पनागर निवासी प्रियंका अहिरवार की शादी इसी माह रानीताल में हुई थी। सरपंच प्रकाश चंद्र चौरसिया ने बताया कि प्रियंका के मायके पक्ष के लोग अर्टिका कार से उसे लेने रानीताल आए थे। लौटते समय रानीताल के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन काफी तेज गति में था। चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे हादसा हो गया। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकालकर तत्काल बिजावर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।


बिजावर स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर महेश त्रिवेदी ने परीक्षण के बाद मुन्नीलाल (55) एवं प्रियंका अहिरवार (23) निवासी पनागर को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।


घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।